तुमगांव : बुजुर्ग किसान पर जानलेवा हमला, मामला दर्ज
तुमगांव के ग्राम खैरझिटी में बाजार जा रहे एक बुजुर्ग किसान पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसानी का काम करने वाले ग्राम खैरझिटी निवासी नाथूराम सिन्हा बीते 18 सितंबर 2026 की शाम करीब 06:00 बजे गांव के बाजार जा रहे थे, इस दौरान रास्ते में बूढ़वा नायक मंदिर के पास उन्हें गांव का खोमन विश्वकर्मा मिला. नाथूराम जब खोमन से अपने नाती चेतन सिन्हा के साथ हुई मारपीट के संबंध में बातचीत कर पूछताछ कर रहे थे, तभी वहां मौजूद मनहरण साहू बिना वजह बीच में आ गया और "मेरे दोस्त के साथ क्यों बकवास कर रहे हो" कहते हुए मां-बहन की अश्लील गालियां देने लगा.
नाथूराम ने जब गाली-गलौज का विरोध किता तो आरोपी मनहरण साहू ने नाथूराम सिन्हा के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान आरोपी ने अपने हाथ में पहने लोहे/धातु के कड़े (चूड़ा) से बुजुर्ग के मस्तक सिर पर जोरदार हमला कर दिया. हमले के कारण पीड़ित के सिर में गंभीर चोट आई और तेज खून बहने लगा. घटना के बाद परिजनों व ग्रामीणों की मदद से पीड़ित को इलाज के लिए ले जाया गया.
इलाज कराने के बाद पीड़ित नाथूराम सिन्हा ने तुमगांव थाने पहुंचकर आरोपी के मनहरण साहू के खिलाफ BNS की धारा 115(2) और धारा 296 के तहत अपराध दर्ज कराकर मामला पंजीबद्ध कराया है.