सरायपाली : शासकीय स्कूल को चोरों ने बनाया निशाना, लिमगांव हा... - CG Sandesh

सरायपाली : शासकीय स्कूल को चोरों ने बनाया निशाना, लिमगांव हाईस्कूल व मिडिल स्कूल से 17,730 रुपये का सामान चोरी

सरायपाली थाना अंतर्गत ग्राम लिमगांव में स्थित शासकीय हाईस्कूल, मिडिल स्कूल और संकुल भवन को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों के शैक्षणिक व शासकीय सामान पर हाथ साफ कर दिया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम लिमगांव हाईस्कूल के प्रभारी प्राचार्य ने पुलिस को बताया कि 12 सितंबर 2026 की दोपहर 11:30 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद सभी कर्मचारी ताला बंद कर चले गए थे. इसके बाद 15 सितंबर की सुबह करीब 06:00 बजे मिडिल स्कूल के शिक्षक मनीष साहू ने परिसर का ताला टूटा देख और प्रभारी प्राचार्य को सूचना दी. मौके पर पहुंचे प्रभारी प्राचार्य को हाईस्कूल, मिडिल स्कूल और संकुल भवन के मुख्य द्वारों समेत कई कमरों के ताले टूटे मिले.

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि चोरों ने ऑफिस अलमारी से डेल कंपनी का कंप्यूटर माउस (2 नग), वीजीए केबल, एचडीएमआई केबल (2 नग) और वेब कैमरा चोरी कर लिया है. इसके अलावा कमरों में लगे 8 नल, ऊपर हॉल में रखा यूनिवर्सल कंपनी का साउंड बॉक्स, विज्ञान प्रयोगशाला से माइक्रोस्कोप और स्ट्रिप लैंप गायब थे.

वहीं मिडिल स्कूल की कक्षा 6वीं में रखा मध्याह्न भोजन का 90 किलो चावल बोरी व ड्रम से, पीतल की घंटी तथा संकुल भवन से कुकर, स्टील की बाल्टी, परात, भगोना व अन्य बर्तन चोरी हो गए थे.

बताया गया अज्ञात चोरों द्वारा ताला तोड़कर कुल ₹17,730 मूल्य की सामग्री चोरी की गई है, मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ 305(e)-BNS, 331(4)-BNS  चोरी का मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया.


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें