महासमुंद : पुरानी रंजिश में दो युवकों ने किया जानलेवा हमला, सिर पर लाठी मारकर किया बेहोश
महासमुंद थाना क्षेत्र के परसकोल वार्ड नंबर 12 में गणेश पंडाल की ओर जा रहे एक युवक पर पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही दो व्यक्तियों ने जानलेवा हमला कर दिया. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम परसकोल निवासी लकेश्वर ध्रुव बीते 16 सितंबर 2026 की रात करीब 09:00 बजे अपने दोस्तों यश कुमार निषाद और विकास ध्रुव के साथ सतनामी पारा की दुकान से सामान लेकर गणेश पंडाल की ओर जा रहे थे. और जैसे ही बजरंग चौक के पास पहुंचा, वहां अपने घर के सामने खड़े दिलीप साहू ने पुरानी रंजिश के चलते लकेश्वर को बात करने के बहाने पास बुलाया और बिना वजह मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया.
पीड़ित लकेश्वर द्वारा गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपी दिलीप साहू गुस्से में आ गया और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा. इसी दौरान मौके पर मौजूद सोमेश साहू ने जान से मारने की धमकी देते हुए पास रखे बांस के डंडे से लकेश्वर के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया.
हमले में सिर और बाईं आंख के पास गंभीर चोट आने के कारण लकेश्वर वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा, घटना को देखकर साथ मौजूद दोस्तों ने बीच-बचाव किया और तत्काल घायल को इलाज के लिए शासकीय अस्पताल महासमुंद में भर्ती कराया.
इलाज के बाद लकेश्वर ध्रुव ने 18 सितंबर 2026 को महासमुंद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी सोमेश साहू और दिलीप साहू के खिलाफ BNS की धारा 115(2), धारा 296, धारा 3(5) और धारा 351(3) के तहत केस दर्ज किया है.