बसना : फोन न उठाने पर भड़का पूर्व पति, घर में घुसकर महिला से की मारपीट; गला दबाकर दी जान से मारने की धमकी
बसना थाना क्षेत्र के ग्राम नरसिंगपुर में देर रात एक महिला के घर में घुसकर उसके पूर्व पति द्वारा बेरहमी से मारपीट करने और गला दबाकर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नरसिंगपुर निवासी सुवर्ण बारिक 16 सितंबर 2026 की रात खाना खाकर अपने हॉल में सोई हुई थीं और उनके बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे, इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे उनके पूर्व पति दिवाकर बारीक का फोन आया, जिसे उस समय पीड़िता नहीं उठा सकीं. इसके बाद में जब सुवर्ण ने वापस फोन किया, तो आरोपी ने गुस्से में "मेरे घर से निकल जा" कहते हुए विवाद शुरू कर दिया. इसके बाद रात करीब 11:00 बजे आरोपी छत के रास्ते नीचे उतरकर जबरन घर में घुस आया.
आरोपी घर में घुसते ही आरोपी ने पीड़िता के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी और हाथ से सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, आरोपी ने पीड़िता की पीठ पर वार किया और गला दबाने लगा, जिससे महिला को गले और पीठ में गंभीर चोटें व दर्द आया है.
इस दौरान पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और आरोपी पूर्व पति को एक कमरे में बंद कर दिया, इसके बाद महिला ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी तथा फोन कर अपने चाचा हेमकुमार साहू को भी घटना से अवगत कराया.
सुचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची, जिसके बाद महिला की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दिवाकर बारीक के खिलाफ BNS की धारा 115(2) और 351(3) के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया.