सांकरा : ओडिशा से आ रही गांजा तस्करों की दो कारें गिरफ्तार, ₹7.4 लाख का 37 किलो गांजा जब्त
सांकरा पुलिस ने ओडिशा से अवैध रूप से गांजा तस्करी कर ला रहे अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. जिनके पास से कुल 37.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 लग्जरी गाड़ियां और 6 महंगे स्मार्टफोन सहित कुल ₹17 लाख की संपति जब्त किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर 2026 की दोपहर सांकरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से सफेद रंग की क्रेटा कार CG 04 HD 0987 में गांजा लाया जा रहा है, जिसकी पायलेटिंग के लिए आगे-आगे स्विफ्ट कार CG 04 NT 0982 चल रही है. सूचना पर सांकरा पुलिस ने बल्दीडीह चौक एनएच-53 पर स्टॉपर लगाकर चेकिंग शुरू की.
तथा भगतदेवरी की ओर से आ रही दोनों गाड़ियों को रोककर तलाशी ली, आगे चल रही स्विफ्ट कार में सवार नवसागर पटेल (21 वर्ष, सराईपाली) और मंसूर खान (26 वर्ष, पिथौरा) ने बताया कि वे पीछे आ रही क्रेटा कार की पायलेटिंग कर रहे थे.
वहीं क्रेटा कार में सवार टिकेलाल मांझी (22 वर्ष, सांकरा), महेंद्र पटेल उर्फ रितेश (29 वर्ष, बलौदाबाजार), सुमित शर्मा (25 वर्ष, पिथौरा), देवेंद्र कुमार पटेल (22 वर्ष, बसना) और गितेश नायक (20 वर्ष, बसना) को पकड़ा गया.
क्रेटा कार की डिक्की की तलाशी लेने पर दो सफेद प्लास्टिक बोरियों में भरा कुल 37.300 किलोग्राम गांजा कीमत लगभग ₹7.40 लाख बरामद हुआ, पुलिस ने गांजा, क्रेटा कार कीमत ₹6 लाख, स्विफ्ट कार कीमत ₹3 लाख तथा आरोपियों के 6 मोबाइल फोन कीमत ₹1 लाख सहित कुल ₹17,00,000 का सामान जब्त कर लिया.
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह गांजा ओडिशा निवासी श्रीकांत राणा से खरीदा था, सांकरा पुलिस आरोपियों के खिलाफ धारा 20(b) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है.