महासमुंद : बैंक से लौट रहे युवक के सीने पर मारा ब्लेड, बीच-ब... - CG Sandesh

महासमुंद : बैंक से लौट रहे युवक के सीने पर मारा ब्लेड, बीच-बचाव करने आए दोस्त से भी मारपीट

महासमुंद के सुभाष नगर में बैंक से काम निपटाकर अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे एक युवक से पीने-खाने के नाम पर पैसों की अड़ंगबाजी का मामला सामने आया है. पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने मां-बहन की अश्लील गालियां और जान से मारने की धमकी देते हुए पीड़ित के सीने पर ब्लेड से हमला कर दिया. पीड़ित की शिकायत पर महासमुंद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर वार्ड नंबर 22, महासमुंद निवासी खिलेश साहू 16 सितंबर 2026 की दोपहर अपने साथी अमित दास के साथ मोटरसाइकिल से बैंक गए थे, और दोपहर करीब 02:30 बजे जब दोनों काम निपटाकर घर लौट रहे थे, तभी सुभाष नगर मंडी गेट के पास सुधान ओडिया नामक व्यक्ति ने उनकी मोटरसाइकिल को जबरन रुकवा लिया.

इसके बाद आरोपी सुधान ओडिया खिलेश से पीने-खाने के लिए पैसों की मांग करने लगा, जिसे खिलेश साहू द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी भड़क गया और अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी.

इसी दौरान आरोपी सुधान ने अपने पास रखा ब्लेड निकालकर खिलेश पर हमला कर दिया, जिससे खिलेश के बांए सीने पर गहरी चोट आई. इस घटना के दौरान खिलेश के साथी अमित दास ने बीच-बचाव का प्रयास किया, तो आरोपी ने उसके साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की.

वहीं घटना को मंडी गेट के आसपास मौजूद लोगों ने देखा और सुना, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला. मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सुधान ओडिया के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296, 351(3) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है.


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें