सिंघोड़ा : कहाँ से आ रहे हो पूछने पर भड़का युवक, डंडे से पीटकर दी जान से मारने की धमकी
सिंघोड़ा के ग्राम पैकिन में घर के बाहर बैठे एक 19 वर्षीय युवक द्वारा सामान्य सवाल पूछने पर गांव के ही एक व्यक्ति ने अश्लील गालियां देते हुए डंडे और हाथ-मुक्कों से उसकी पिटाई कर दी. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पैकिन थाना सिंघोड़ा निवासी किशन पटेल उम्र 19 वर्ष, 14 सितंबर 2026 की शाम करीब 07:30 बजे अपने घर के सामने अपने दोस्तों शोभित भोई और महेश बरिहा के साथ बैठा हुआ था. इसी दौरान गांव का ही कुलमणि यादव, पिता शुक्रु यादव, अपनी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा.
जब पीड़ित किशन पटेल ने उससे पूछ लिया कि "कहाँ से आ रहे हो?", तो इस बात से कुलमणि यादव अचानक भड़क गया, उसने गुस्से में कहा कि "तुमको क्या करना है, मैं कहीं से भी आऊँ" और मां-बहन की अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया. विवाद बढ़ाते हुए आरोपी ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों व डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
हमले के दौरान बीच-बचाव के प्रयास में पीड़ित किशन पटेल की दाहिने हाथ की कोहनी में गंभीर चोटें आईं, घटना के बाद पीड़ित ने 15 सितंबर 2026 को थाने पहुंचकर लिखित आवेदन दिया.
मामले में पुलिस ने आरोपी कुलमणि यादव के खिलाफ BNS की धारा 296, 115(2) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है.