तुमगांव : डीजे प्रतियोगिता देखने जा रहे युवकों से लूट की कोशिश; ग्रामीणों की मदद से पकड़े गए 2 आरोपी, 2 बाइक जब्त
तुमगांव के ग्राम भोरिंग स्थित गर्ल्स हॉस्टल के पास देर रात दो युवकों को घेरकर चाकू, पेचकस और लोहे की रॉड दिखाकर लूटपाट का प्रयास करने का मामला सामने आया है. जहाँ पीड़ितों द्वारा आवाज देने पर पीछे से आ रहे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दो लुटेरों को मौके पर ही धर दबोचा और 'डायल 112' के सुपुर्द कर दिया, जबकि तीन बदमाश मौके से भागने में सफल रहे.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भोरिंग निवासी छगन साहू (23 वर्ष), पिता उत्तर साहू, अपने दोस्त देवप्रकाश साहू के साथ 14 सितंबर 2026 की रात करीब 11:45 बजे मोटरसाइकिल से तुमगांव में आयोजित डीजे डांस प्रतियोगिता देखने जा रहे थे. जैसे ही वे गर्ल्स हॉस्टल भोरिंग के पास पहुंचे, सड़क पर खड़े एक व्यक्ति ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ देकर उन्हें रुकवाया.
मोटरसाइकिल के रुकते ही झाड़ियों के पीछे छिपे उसके 4 अन्य साथी सड़क पर निकल आए और दोनों युवकों को चारों तरफ से घेर लिया. बदमाशों ने अपने पास रखे धारदार चाकू, पेचकस और लोहे की मोटी रॉड लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी और पीड़ितों की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा जेब में रखे पैसे लूटने का प्रयास करने लगे.
इसी दौरान पीछे से आ रहे भोरिंग और जोबा गांव के अन्य ग्रामीणों को पीड़ित छगन साहू ने आवाज लगाकर रोका. ग्रामीणों को आता देख पांचों बदमाशों में हड़कंप मच गया. तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले, जबकि ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दो लुटेरों को मौके पर ही दबोच लिया.
सूचना मिलने पर पहुंची 'डायल 112' की टीम के हवाले दोनों पकड़े गए आरोपियों और उनकी दो मोटरसाइकिलों (TVS Raider, CG 25 Q 0237 तथा TVS Star Sports, CG 25 R 7427) को कर दिया गया.
पीड़ित छगन साहू की लिखित शिकायत पर तुमगांव थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 126(2) और 312 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है.