तुमगांव : सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी, अलमारी से चांदी के ... - CG Sandesh

तुमगांव : सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी, अलमारी से चांदी के जेवर और नगदी ले उड़े अज्ञात चोर

तुमगांव के ग्राम भोरिंग में एक सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने अलमारी से चांदी के जेवर और नगदी सहित 19,000 रुपये का माल पार कर दिया. घटना के समय पीड़ित अपने पुराने मकान में सोया हुआ था. पीड़ित किसान की शिकायत पर तुमगांव पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ गृह-अतिचार और चोरी (BNS की धारा 331(4) और 305(A)) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भोरिंग (थाना तुमगांव) निवासी छोटूराम साहू (31 वर्ष, किसान) का एक मकान पंचायत भवन के पास और दूसरा पुराना मकान मंडी के सामने स्थित है. जो तीजा पर्व पर पत्नी के मायके जाने के कारण 14 सितंबर 2026 की रात वे अपने नए मकान में ताला लगाकर मंडी के सामने वाले पुराने घर में खाना खाकर वहीं सो गए थे.

इसके बाद 15 सितंबर 2026 की सुबह करीब 9:00 बजे जब पीड़ित अपने नए घर में नहाने के लिए पहुंचा, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला. घर के अंदर जाकर देखने पर कमरे की अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था और उसमें रखा सारा सामान बिखरा पड़ा था.

चोरों ने अलमारी से 10,000 रुपये कीमत की दो चांदी की हाफ करधन, 2,000 रुपये की दो बिछिया, 1,500 रुपये की बच्चे की करधन, 2,000 रुपये की एक जोड़ी पायल, 1,000 रुपये का एक चांदी का सिक्का तथा गुल्लक व पर्स में रखे 2,500 रुपये नगद (कुल जुमला कीमत 19,000 रुपये) पार कर दिए थे.

मामले में तुमगांव पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 331(4) और 305(A) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है.


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें