पटेवा : शौच के नाम पर घर से निकली 15 वर्षीय नाबालिग गायब, अज्ञात आरोपी पर अपहरण का केस दर्ज
पटेवा के एक गांव से शौच जाने का कहकर निकली 15 वर्षीय नाबालिग बालिका के लापता होने का मामला सामने आया है. जिसका परिजनों द्वारा रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में 15 दिनों तक लगातार पता-तलाश के बाद भी बालिका का कोई सुराग नहीं मिल सका. जिसके बाद पीड़िता के पिता की लिखित शिकायत पर पटेवा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मामला दर्ज किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की 31 अगस्त 2026 की दोपहर करीब 2:00 बजे घर से 'शौच करने जा रही हूं' कहकर निकली थी. जब वह शाम और देर रात तक वापस घर नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई.
बालिका के घर न लौटने पर परिजनों ने गांव, आसपास के क्षेत्रों और अपने सभी रिश्तेदारों में लगातार 15 सितंबर 2026 तक उसकी खोजबीन की, हर संभावित ठिकाने पर पता लगाने के बाद भी जब नाबालिग का कोई सुराग नहीं मिला, तो पीड़ित पिता ने थाने पहुंचकर आशंका जताई कि उनकी बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है.
पटेवा थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण संबंधी धारा 137(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है.