सरायपाली : झगड़ा कर रहे दो युवकों को रास्ता देने कहना पड़ गया भारी, सिर पर डंडा मारकर किया लहूलुहान
सरायपाली थाना क्षेत्र के डीपापारा रोड किनारे ग्राम माधोपाली में झगड़ा कर रहे दो युवकों को रास्ता देने की बात कहना एक ग्रामीण को भारी पड़ गया. ऐसा कहने पर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए डंडे से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा. पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम माधोपाली निवासी गोपीकिशन बरिहा 14 सितंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे अपने दोस्त संदीप यादव की दुकान कुटेला ओवरब्रिज के पास आए थे. रात करीब 9:00 बजे जब दोनों अपने गांव माधोपाली लौट रहे थे, तभी डीपापारा रोड किनारे गांव के ही कन्हैया दास मानिकपुरी और हेमशंकर मानिकपुरी आपस में वाद-विवाद कर रहे थे.
जब पीड़ित गोपीकिशन ने उनसे कहा कि "भाई, रास्ता दो", तो दोनों आरोपी भड़क गए और "तू कौन होता है हमें बोलने वाला" कहकर मां-बहन की अश्लील गालियां देने लगे. जब पीड़ित ने गालियां देने से मना किया, तो हेमशंकर मानिकपुरी ने हाथ-मुक्के से मारपीट की, जबकि कन्हैया दास मानिकपुरी ने अपने पास रखे डंडे से गोपीकिशन के सिर पर वार कर दिया.
डंडे के हमले से गोपीकिशन का सिर फट गया और काफी खून बहने लगा, जिसे मौके पर मौजूद उसके दोस्त संदीप यादव ने बीच-बचाव कर पीड़ित की जान बचाई. इसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपी कन्हैयादास मानिकपुरी और हेमशंकर मानिकपुरी के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध करवाई है.