सरायपाली : दुकान से लौट रहे युवक से एक्सीडेंट के बाद गाली-गलौच और मारपीट.
सरायपाली में कुटेला ओवरब्रिज के पास शराब के नशे में तेज और लापरवाही से बोलेरो चला रहे चालक ने एक बाइक सवार को जोरदार ठोकर मार दी. एक्सीडेंट के बाद गाड़ी से उतरे दो युवकों ने घायल बाइक सवार से अश्लील गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट भी की. पीड़ित की शिकायत पर सरायपाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ताजनगर झिलमिला वार्ड नंबर 07, सरायपाली निवासी मोहम्मद अरशद 12 सितंबर 2026 की रात करीब 12:00 बजे दुकान से काम निपटाकर अपनी मोटरसाइकिल Honda Dream Yuga, CG 06 GB 3014 से घर लौट रहे थे, तभी रात करीब 12:10 बजे कुटेला ओवरब्रिज के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक बोलेरो कार CG 06 HC 3100 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी.
टक्कर लगने से पीड़ित मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसके बाएं पैर में चोट आई और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, इसके बाद बोलेरो से दो व्यक्ति—नीरज पाणिग्राही और रौनित पाणिग्राही उतरे और पीड़ित से गाली-गलौच करने लगे. जब पीड़ित ने गालियां देने से मना किया, तो दोनों आरोपियों ने मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए हाथ-मुक्कों से उसकी पिटाई कर दी. मारपीट से पीड़ित के बाएं पैर और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं.
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने फोन कर अपने परिचित वासिफ को जानकारी दी, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया, इसके बाद पीड़ित ने सरायपाली थाने पहुंचकर आरोपी नीरज पाणिग्राही और रौनित पाणिग्राही के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, चोट पहुंचाने और मारपीट करने संबंधी धारा 115(2)-BNS, 125(a)-BNS, 281-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS का मामला दर्ज किया.