महासमुंद : चाकू की नोक पर लूटपाट, आईफोन 13 प्रो और नगदी रकम लूटकर फरार
महासमुंद के बिरकोनी स्थित औद्योगिक क्षेत्र के पास फ्लोटेक्स सोलर कंपनी के सामने तीन अज्ञात स्कूटी सवार बदमाशों ने चाकू की नोक पर दो मजदूरों से लूटपाट की घटना को अंजाम दिया. बदमाश पीड़ितों को जान से मारने की धमकी देकर एक आईफोन 13 प्रो और नगदी रकम लूटकर फरार हो गए. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने राहूल एवं उसके दो अन्य साथी के खिलाफ BNS की धारा 309(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूलतः ग्राम खपरी थाना व जिला बालोद निवासी तरूण कुमार नेताम वर्तमान में मनोरमा इंडस्ट्रीज बिरकोनी में रहकर मजदूरी का काम करते हैं. जो 13 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:00 बजे वे अपने साथी भीषम निर्मलकर के साथ पैदल बिरकोनी बाजार से सब्जी खरीदकर मनोरमा इंडस्ट्रीज वापस लौट रहे थे तभी चाकू दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई.
तरूण ने बताया कि जब दोनों फ्लोटेक्स सोलर कंपनी बिरकोनी के पास पहुंचे, तभी पीछे से एक बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्कूटी पर तीन अज्ञात युवक आ पहुंचे. बदमाशों ने पीड़ितों को देखते ही अश्लील गालियां दीं और स्कूटी रोक ली. इसके बाद दो बदमाश गाड़ी से नीचे उतरे और पीड़ितों को धमकी देते हुए कहा, तुम्हारे पास जो भी सामान है हमें दे दो, वरना दोनों को चाकू मार देंगे.
चाकू की धमकी से डरे पीड़ितों के पास से बदमाशों ने तरूण की जेब से एक आईफोन 13 प्रो कीमत लगभग 30,000 रुपये और 500 रुपये नगद जबरन लूट लिए. जाते-जाते एक आरोपी ने पीड़ित को खुली चुनौती देते हुए कहा, "मेरा नाम राहुल है, तुझे जो उखाड़ना है उखाड़ लेना" और तीनों आरोपी अपनी काले रंग की स्कूटी से तेजी से भाग निकले.
घटना के बाद पीड़ितों ने आसपास बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई, पुलिस ने पीड़ित तरूण कुमार नेताम की रिपोर्ट पर राहूल एवं उसके दो अन्य साथी के खिलाफ धारा 309(3) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है.