बागबाहरा : महासमुंद के बजाय नुआपाड़ा अस्पताल में डिलीवरी का ... - CG Sandesh

बागबाहरा : महासमुंद के बजाय नुआपाड़ा अस्पताल में डिलीवरी का खर्चा कम आता है कहने पर लात-घूंसों से मारपीट; 3 पर FIR दर्ज

बागबाहरा थाना अंतर्गत ग्राम घुचापाली में युगल किराना स्टोर्स के सामने बातचीत के दौरान अस्पताल में पत्नी की डिलीवरी कराने की सलाह देने पर विवाद गहरा गया. बहस से नाराज युवक ने अपने दो अन्य साथियों को बुलाकर एक ग्रामीण के साथ मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज करते हुए बेल्ट, लात और घूंसों से जमकर मारपीट की. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित भागीरथी बंजारे 13 सितंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे युगल किराना स्टोर्स के सामने खड़े होकर बातचीत कर रहा था, इसी दौरान भागीरथी ने वहीं मौजूद रूपेश टंडन से कहा कि उसकी पत्नी की डिलीवरी सोहम अस्पताल महासमुंद के बजाय नुआपाड़ा अस्पताल में कराने पर कम खर्चा आता, इस बात पर रूपेश टंडन गुस्से में आ गया और विवाद करने लगा.

इसके बाद आरोपी रूपेश टंडन ने तुरंत फोन करके अपने साथी मोगेश टंडन और हीरालाल टंडन को मौके पर बुला लिया, तीनों आरोपियों ने एकराय होकर पीड़ित को मां-बहन की गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी.

इसके बाद रूपेश और हीरालाल ने हाथ-मुक्के व लात से मारपीट की, जबकि मोगेश टंडन ने अपनी कमर से बेल्ट निकालकर भागीरथी पर हमला कर दिया. इस मारपीट से पीड़ित के बाएं हाथ, कंधे, पीठ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं.

घटना के समय मौके पर मौजूद मनहरण बंजारे, हिमांशु मधुकर और सतीश वैष्णव ने बीच-बचाव कर पीड़ित को बचाया, भागीरथी बंजारे की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(2)-BNS का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है.


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें