गणेशोत्सव की धूम, बप्पा के स्वागत को तैयार शहर; कुंभकार मोहल... - CG Sandesh

गणेशोत्सव की धूम, बप्पा के स्वागत को तैयार शहर; कुंभकार मोहल्ले में मूर्तियां लेने उमड़ी भीड़

छुईखदान : गणेशोत्सव को लेकर नगर और आसपास के ग्रामीण अंचलों में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सोमवार को शुभ मुहूर्त में घरों और सार्वजनिक पंडालों में भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। शहर के चौक-चौराहों और पंडालों को लाइटिंग व आकर्षक सजावट से सजाया गया है।

गणेश चतुर्थी की पूर्व संध्या पर छुईखदान के कुंभकार मोहल्ले में खासा उत्साह देखने को मिला। अपनी पसंद की गणेश प्रतिमाएं लेने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। रविवार सुबह से ही ट्रैक्टर, पिकअप और ऑटो लेकर समितियों के सदस्य मूर्तियां ले जाते नजर आए।

स्थानीय कुंभकारों द्वारा तैयार की गई मिट्टी की आकर्षक प्रतिमाओं की मांग छुईखदान के साथ राजनांदगांव, कवर्धा, दुर्ग-भिलाई और बेमेतरा जैसे शहरों तक है। मूर्तिकारों के मुताबिक इस बार पारंपरिक और ईको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं की मांग अधिक रही है।

वहीं, गणेश चतुर्थी से पहले मुख्य बाजारों में भी रौनक बढ़ गई। पूजा सामग्री, फल-फूल, मोदक और पंडाल सजावट के सामान की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। त्योहार के दौरान व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर स्थानीय प्रशासन व पुलिस भी मुस्तैद है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें