बेमेतरा में साइबर फ्रॉड का बड़ा खुलासा, 11 आरोपी गिरफ्तार
बेमेतरा : सिटी कोतवाली थाना और साइबर पुलिस की टीम ने साइबर फ्रॉड से जुड़े दो मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, कोतवाली थाने में दर्ज दो प्रकरणों की जांच के दौरान आरोपियों के साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने आई।
जांच में पता चला कि आरोपी अपने बैंक खाते दूसरे लोगों को बेचते थे। इन खातों में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों के साथ दूसरे राज्यों में हुए साइबर फ्रॉड की रकम भी पहुंच रही थी। पुलिस इन खातों को म्यूल अकाउंट मानकर जांच कर रही है।
पुलिस ने खाते उपलब्ध कराने और बेचने वाले 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, इन खातों को खरीदकर इस्तेमाल करने वाले अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर साइबर फ्रॉड के नेटवर्क से जुड़े और भी नाम सामने आ सकते हैं।
थाना प्रभारी सोनल ग्वाला ने लोगों से अपील की है कि अपना बैंक अकाउंट, एटीएम या बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए न दें। साथ ही अनजान व्यक्ति के साथ OTP साझा न करें और ऑनलाइन विज्ञापन या किसी लालच में आकर बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें।