6 साल की मासूम से दुष्कर्म और हत्या मामले में ऐतिहासिक फैसला, आरोपी चाचा को फांसी की सजा
दुर्ग : 6 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के बहुचर्चित मामले में विशेष पॉक्सो न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाते हुए आरोपी चाचा सोमेश यादव को मृत्युदंड की सजा सुनाई है। घटना के बाद शहर में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल देखने को मिला था।
मामला 6 अप्रैल 2025 का है, जब बालिका के लापता होने की सूचना मिलने के बाद मोहन नगर पुलिस ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की थी। पुलिस ने बालिका को एक वाहन से बरामद कर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल से DNA, जैविक, चिकित्सकीय और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए और वैज्ञानिक तरीके से जांच आगे बढ़ाई। साक्ष्यों और जांच के आधार पर न्यायालय ने मामले को ‘विरलतम से विरलतम’ श्रेणी में माना और पॉक्सो एक्ट व बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत आरोपी को मृत्युदंड की सजा सुनाई। वहीं, एक अन्य धारा में 5 साल के सश्रम कारावास की सजा भी दी गई है।
मृत्युदंड की पुष्टि की प्रक्रिया अब हाईकोर्ट में होगी। इस मामले में फैसला आने के बाद लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे लोगों के बीच भी इसकी चर्चा रही।