खैरागढ़ : गणेश उत्सव को लेकर प्रशासन सख्त, रात 10 बजे बाद डीजे पर रोक; नशाखोरी और अराजकता पर होगी कार्रवाई
खैरागढ़ : आगामी गणेश उत्सव को लेकर कलेक्टर कार्यालय सभागृह में गणेश समितियों, डीजे संचालकों और अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। जिला पंचायत सीईओ एवं प्रभारी कलेक्टर प्रेम कुमार पटेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू, एएसपी रूपेश डांडे, एसडीओ आशा रानी और थाना प्रभारी अनिल शर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में प्रभारी कलेक्टर ने गणेश समितियों को प्रतिमा स्थापना की जानकारी एसडीएम कार्यालय में देने के निर्देश दिए। साथ ही पीओपी की जगह मिट्टी की प्रतिमा स्थापित करने और शासन द्वारा निर्धारित मापदंड के अनुसार प्रतिमा की ऊंचाई रखने कहा गया। स्थापना स्थल को ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनों से सुरक्षित दूरी पर रखने के निर्देश भी दिए गए।
विसर्जन के दौरान पिछले वर्ष हुई हत्या की घटना का हवाला देते हुए प्रशासन ने समितियों से शांतिपूर्ण और अनुशासित आयोजन की अपील की। साथ ही भाईचारा बनाए रखने और किसी भी तरह के विवाद से बचने की बात कही गई। नगर पालिका को नदी में पर्याप्त विसर्जन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं एएसपी रूपेश डांडे ने रात 10 बजे के बाद डीजे नहीं बजाने के निर्देश दिए। विसर्जन के दौरान पारंपरिक वाद्य यंत्रों को प्राथमिकता देने और डीजे की आवाज निर्धारित सीमा में रखने कहा गया। नशाखोरी, अभद्रता या अराजकता की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
गौरतलब है कि खैरागढ़ में पिछले चार वर्षों से राजनांदगांव की तर्ज पर भव्य गणेश झांकी निकाली जा रही है। इस बार भी भव्य आयोजन की तैयारियों के बीच प्रशासन ने उत्सव को शांतिपूर्ण और नियमों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए समितियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं।