खैरागढ़ : राजा गुरु बालकदास जयंती पर गूंजा ‘जय सतनाम’, समाज ... - CG Sandesh

खैरागढ़ : राजा गुरु बालकदास जयंती पर गूंजा ‘जय सतनाम’, समाज को मिली विकास कार्यों की सौगात

खैरागढ़ : राजा गुरु बालकदास की 221वीं जयंती के अवसर पर खैरागढ़ में सतनामी समाज द्वारा भव्य सतनाम शोभायात्रा और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। दिलीप सिंह मंगल भवन में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह समेत जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।

समाज की ओर से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का आतिशबाजी, फूलमाला और पारंपरिक पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।

समारोह में समाज की मांग पर विजय शर्मा ने खैरागढ़ में समाज भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये और ग्राम मंडला में मॉडल जैतखाम के लिए करीब 6 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं पंथी नृत्य करने वाली बालिकाओं को 5,100 रुपये प्रोत्साहन राशि और वेशभूषा व वाद्य यंत्रों के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई।

सियासी मुद्दों पर भी बोले विजय शर्मा

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रस्तावित श्री सीमेंट प्लांट को लेकर कहा कि किसानों के विरोध के बाद दनिया-अतरिया-हनईबन में प्रस्तावित प्लांट की जनसुनवाई रद्द की जा चुकी है और फिलहाल इस संबंध में कोई कवायद नहीं चल रही है।

पुलिस भर्ती को लेकर उन्होंने कहा कि 4,500 पदों पर भर्ती की गई है और अभ्यर्थियों को अपनी मांग उचित मंच पर रखने की बात कही।

वहीं झीरम घाटी मामले को लेकर विजय शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हिडमा को अपना आदर्श बताने वाली कांग्रेस के नेताओं को इस मामले पर टिप्पणी करना शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि एनआईए की जांच जारी है और जिसके पास भी कोई सबूत है, वह जांच एजेंसी के सामने पेश करे।

‘जय सतनाम’ के जयघोष से गूंजा खैरागढ़

समारोह के बाद भव्य सतनाम शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा अंबेडकर चौक, नया बस स्टैंड, जय स्तंभ चौक, इतवारी बाजार, बख्शी मार्ग और गोलबाजार होते हुए मंगल भवन पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। पूरे शहर में ‘जय सतनाम’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें