आईजीकेवी रायपुर ने जारी किया बी.एससी. कृषि प्रवेश का नया काउंसिलिंग शेड्यूल
रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने चालू शैक्षणिक सत्र में पी.ए.टी. और बारहवीं कक्षा के अंकों के आधार पर बी.एससी. ऑनर्स कृषि पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग कार्यक्रम जारी कर दिया है।
विश्वविद्यालय के अनुसार एक हजार नौ सौ इंक्यावन सीटों में से प्रथम चरण और स्पॉट काउंसिलिंग के माध्यम से एक हजार पांच सौ पचपन सीटों पर प्रवेश पहले ही हो चुका है। अब शेष बची तीन सौ छियानवे रिक्त सीटों को भरने के लिए कल और परसों यानी सात और आठ सितंबर को काउंसलिंग होगी। दस्तावेज सत्यापन के बाद विश्वविद्यालय द्वारा नौ सितम्बर को प्रावीण्य सूची जारी की जाएगी। इसके बाद सीट आवंटन और निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा करने के लिए अभ्यर्थियों को कृषि महाविद्यालय में उपस्थित होना होगा। पंजीकृत पी.ए.टी. उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए दस सितम्बर, कक्षा बारहवीं उत्तीर्ण छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों के लिए ग्यारह सितम्बर और अन्य राज्यों के कक्षा बारहवीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए बारह सितम्बर की तिथि निर्धारित की गई है।