सूरजगढ़ माइंस के ओवरलोडेड ट्रकों के खिलाफ परलकोट में हल्लाबो... - CG Sandesh

सूरजगढ़ माइंस के ओवरलोडेड ट्रकों के खिलाफ परलकोट में हल्लाबोल, SH-25 की बदहाली पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू

पखांजूर : परलकोट की लाइफलाइन कही जाने वाली SH-25 सड़क की बदहाली को लेकर विरोध तेज हो गया है। सूरजगढ़ माइंस से निकलने वाले भारी और ओवरलोडेड ट्रकों की लगातार आवाजाही को सड़क की खराब स्थिति की वजह बताते हुए परलकोट सुरक्षा समिति ने पखांजूर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

समिति का आरोप है कि सूरजगढ़ माइंस के भारी वाहनों और ओवरलोडेड ट्रकों की लगातार आवाजाही के चलते SH-25 की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। जर्जर सड़क के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने और ओवरलोडेड वाहनों से सड़क को हो रहे नुकसान पर रोक लगाने की मांग की है।

धरने में पखांजूर नगर पंचायत उपाध्यक्ष शंकर सरकार, भाजपा पखांजूर मंडल अध्यक्ष दीपांकर राय, भाजपा कापसी मंडल अध्यक्ष अजय बछाड़ समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि SH-25 की तत्काल मरम्मत कराई जाए और सूरजगढ़ माइंस के भारी एवं ओवरलोडेड ट्रकों को किसी वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया जाए, ताकि मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव कम हो सके।

परलकोट सुरक्षा समिति ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें