बारिश में बाइक से गांव पहुंचे कलेक्टर-सीईओ, तिरपाल के नीचे ल... - CG Sandesh

बारिश में बाइक से गांव पहुंचे कलेक्टर-सीईओ, तिरपाल के नीचे लगाई चौपाल

खैरागढ़ : लगातार बारिश और दुर्गम रास्तों के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने सुदूर वनांचल क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। शुक्रवार को कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर किस्ताराम से करीब 20 किलोमीटर का सफर बाइक से तय कर सेन्दुरगुड़ा स्थित सुशासन परिसर और आमापेंटा पहुंचे। यहां बारिश के बीच तिरपाल के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं।

चौपाल में ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, सिंचाई, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान सुशासन परिसर में पीडीएस दुकान, आंगनबाड़ी, पंचायत भवन और प्राथमिक शाला का भी निरीक्षण किया गया।

बच्चों से गिनती-वर्णमाला पूछी, क्रिकेट किट बांटी

प्राथमिक शाला के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से गिनती और वर्णमाला पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए कलेक्टर और सीईओ ने स्कूली बच्चों एवं ग्रामीणों को क्रिकेट किट वितरित किए। क्रिकेट किट मिलने पर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।

सड़क, बिजली और सिंचाई कार्यों को मिली मंजूरी

ग्रामीणों की मांग पर किस्ताराम से पालाचलमा तक सीसी रोड निर्माण को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही क्षेत्र में विद्युत विस्तार, चेकडैम और तालाब निर्माण जैसे कार्यों को भी स्वीकृति दी गई। किसानों को पाम की खेती के लिए प्रोत्साहित करते हुए बोर और ड्रिप सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया।

आमापेंटा में नए आंगनबाड़ी भवन के निर्माण और प्राथमिक शाला भवन के नवीनीकरण को भी तत्काल मंजूरी दी गई।

दस्तावेजों के लिए सोमवार को लगेगा विशेष शिविर

ग्रामीणों से बातचीत के दौरान मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और श्रमिक कार्ड की उपलब्धता की जानकारी ली गई। कुछ ग्रामीणों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं होने पर कलेक्टर ने कोंटा एसडीएम को सोमवार को विशेष शिविर आयोजित कर पात्र ग्रामीणों के दस्तावेज तैयार करवाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि दस्तावेजों के अभाव में कोई भी पात्र ग्रामीण शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए।

महिलाओं को आजीविका से जोड़ने पर जोर

कलेक्टर ने महिलाओं को महतारी वंदन योजना और बिहान के स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आजीविका गतिविधियां अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास निर्माण में तेजी लाने की समझाइश दी गई।

बारिश और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच अधिकारियों का सुदूर गांवों तक पहुंचना और ग्रामीणों की समस्याओं पर मौके पर ही कार्रवाई करना प्रशासन की जमीनी पहुंच को दर्शाता है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें