ब्रेकिंग : मिरर छत्तीसगढ़ की एंकर सोमा देवांगन को पुलिस ने घेराबंदी कर किया गिरफ्तार, इस मामले में हुई कार्रवाई
रायपुर। राजधानी रायपुर की महापौर मीनल चौबे से जुड़े सोशल मीडिया वीडियो मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एंकर सोमा देवांगन को हिरासत में लिया है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने उद्योग भवन के सामने घेराबंदी कर सोमा देवांगन को पकड़ा। इसके बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस अपने साथ ले गई।
बता दें कि पूरा मामला सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो से जुड़ा है, जिसमें रायपुर महापौर मीनल चौबे को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है। मामले को लेकर पुलिस में शिकायत की गई थी और वीडियो के निर्माण एवं प्रसारण से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई थी।
पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सोमा देवांगन ने मिरर छत्तीसगढ़ के सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए मीनल चौबे का वीडियो प्रसारित किया था। वीडियो में एक युवक द्वारा महापौर मीनल चौबे को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि वीडियो में महिलाओं के प्रति भी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल हुआ और आपत्तिजनक हिस्सों को हटाए बिना इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। इसी को लेकर संबंधित वीडियो और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच करने की मांग पुलिस से की गई थी।