बायोगैस प्लांट के विरोध में उतरे तीन गांवों के ग्रामीण, तहसी... - CG Sandesh

बायोगैस प्लांट के विरोध में उतरे तीन गांवों के ग्रामीण, तहसील कार्यालय पहुंचकर जताई आपत्ति

राजनांदगांव : सोमानी क्षेत्र के ग्राम झूराडबरी में प्रस्तावित सीबीजी (बायोगैस) प्लांट को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। झूराडबरी, मुढ़ीपार और मनगट्टा गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण 3 सितंबर को तहसील कार्यालय पहुंचे और प्रस्तावित प्लांट के खिलाफ अपनी आपत्ति दर्ज कराई।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही आसपास की फैक्ट्रियों से निकलने वाले केमिकल और दुर्गंध से परेशानी है। ऐसे में कचरे से बायोगैस बनाने वाले प्लांट की स्थापना होने से प्रदूषण और बदबू की समस्या बढ़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि वे गांव की एकमात्र चारागाह भूमि पर किसी भी तरह का संयंत्र स्थापित नहीं होने देंगे।

ग्रामीणों के मुताबिक, सीबीजी प्लांट को लेकर तहसीलदार के माध्यम से प्रकाशित विज्ञापन के बाद उन्हें प्रस्तावित संयंत्र की जानकारी मिली। इसके बाद ग्राम पंचायत ने भी प्लांट के विरोध में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर आपत्ति दर्ज कराई है।

वहीं, ग्रामीणों के साथ पहुंचे पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र दास वैष्णव ने कहा कि इस मामले को लेकर विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक डॉ. रमन सिंह से भी मुलाकात की गई है। उन्होंने ग्रामीणों को संयंत्र नहीं लगाए जाने को लेकर भरोसा दिलाए जाने की बात कही।

फिलहाल तहसील कार्यालय में दावा-आपत्ति की सुनवाई के बाद अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन के अगले निर्णय पर टिकी हुई है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें