पूर्व CM भूपेश बघेल के तत्कालीन PA केके चंद्रवंशी के घर ED की रेड, सुबह 6 बजे से जांच जारी
रायपुर : छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के तत्कालीन PA रहे केके चंद्रवंशी के घर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने छापेमारी की है। जानकारी के मुताबिक ED के 8 से ज्यादा अधिकारी सुबह करीब 6 बजे उनके घर पहुंचे और जांच शुरू की। फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है।
बताया जा रहा है कि जांच के दौरान ED के अधिकारी घर के अंदर पूछताछ और दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। केके चंद्रवंशी भी अपने घर पर ही मौजूद हैं।
भूपेश बघेल के PA रह चुके हैं चंद्रवंशी
केके चंद्रवंशी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में उनके निजी सहायक (PA) के तौर पर काम कर चुके हैं। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री बनने के बाद भूपेश बघेल ने उन्हें अपना PA बनाया था।
इससे पहले केके चंद्रवंशी, भूपेश बघेल के विधानसभा क्षेत्र पाटन नगर पंचायत में महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत थे। बताया जाता है कि वर्ष 2021 में उनके रिटायरमेंट का समय आने वाला था, जिसके बाद उन्हें एक्सटेंशन दिया गया और वर्ष 2022 तक वे भूपेश बघेल के साथ PA के तौर पर जुड़े रहे।
किस मामले में ED की कार्रवाई, अभी सस्पेंस
फिलहाल ED की टीम उनके घर पर जांच और पूछताछ कर रही है। हालांकि, यह कार्रवाई किस मामले या जांच से जुड़ी है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। ED की कार्रवाई पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।