बेमेतरा में पहली बार राज्य स्तरीय शालेय भारोत्तोलन प्रतियोगिता, 160 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
बेमेतरा : जिले के पंडित जवाहरलाल नेहरू कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के मैदान में सोमवार को खेलों का रोमांच देखने को मिला। बेमेतरा जिले को पहली बार राज्य स्तरीय शालेय भारोत्तोलन प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। इसी के साथ 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ।
प्रतियोगिता का उद्घाटन दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने खेल ध्वजारोहण के साथ किया। इस दौरान साजा विधायक ईश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह के दौरान उस वक्त माहौल और उत्साहपूर्ण हो गया, जब सांसद विजय बघेल और अन्य अतिथियों ने खुद पॉवर लिफ्टिंग का भार उठाकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि खेल सिर्फ जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल जीवन में अनुशासन, ईमानदारी और लक्ष्य के प्रति समर्पण की सीख देता है। उन्होंने खिलाड़ियों से हार से निराश न होकर उससे सीख लेने और लगातार आगे बढ़ने की अपील की।
चार दिनों तक चलेगा खेलों का रोमांच
31 अगस्त से 3 सितंबर तक चलने वाली इस चार दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग से करीब 160 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी भारोत्तोलन में अपनी ताकत और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उद्घाटन समारोह में सिंघोरी विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में रंग भर दिया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बेमेतरा में पहली बार आयोजित हो रही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जिले के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखी जा रही है।