राहुल गांधी पर FIR से आक्रोश, कांग्रेस ने निकाला विरोध मार्च - CG Sandesh

राहुल गांधी पर FIR से आक्रोश, कांग्रेस ने निकाला विरोध मार्च

राजनांदगांव : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR के विरोध में राजनांदगांव जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार देर शाम विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जयस्तंभ चौक से पैदल मार्च करते हुए केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राहुल गांधी पर दर्ज FIR को दुर्भावनापूर्ण बताया।

कांग्रेस का आरोप है कि उत्तराखंड के हल्द्वानी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद कथित भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मंच का शुद्धिकरण किए जाने का मामला दलितों के अपमान से जुड़ा है। इस घटनाक्रम के विरोध में राहुल गांधी द्वारा आंदोलन किए जाने के बाद उत्तराखंड पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज की है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने FIR की निंदा करते हुए मामले में दोषी भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी FIR दर्ज करने की मांग की। शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने राहुल गांधी के खिलाफ फर्जी FIR दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सरकार की विफलताओं के खिलाफ सदन से लेकर सड़क तक आवाज उठा रहे हैं, जिससे भाजपा सरकार बौखलाई हुई है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक ओर कार्यक्रम के बाद मंच का कथित रूप से शुद्धिकरण करने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई, वहीं दूसरी ओर इस कृत्य का विरोध करने वाले राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज की गई। कांग्रेस ने इसे सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कार्रवाई की मांग की।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें