तेज रिस्पांस ही डायल-112 की पहचान, लापरवाही पर होगी कार्रवाई - CG Sandesh

तेज रिस्पांस ही डायल-112 की पहचान, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

जांजगीर-चांपा : डायल-112 की आपातकालीन सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 27 अगस्त को पुलिस कार्यालय जांजगीर के सभा कक्ष में डायल-112 में ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों की विशेष बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में डायल-112 के नोडल अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क ने बैठक लेकर कर्मचारियों को रिस्पांस टाइम बेहतर करने के निर्देश दिए।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि चोरी, सड़क हादसा, मारपीट या किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम कम से कम समय में घटनास्थल पर पहुंचे और जरूरतमंदों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराए।

ASP ने ERV स्टाफ के लिए व्यवस्था को और स्पष्ट करते हुए कहा कि किसी इवेंट के खत्म होने और आवश्यक कार्रवाई के साथ ASR भरने के बाद वाहन को तुरंत अपने निर्धारित फिक्स प्वाइंट पर लौटना होगा, ताकि अगली इमरजेंसी कॉल मिलते ही ERV को तत्काल रवाना किया जा सके।

इसके अलावा हाईवे पेट्रोलिंग टीम को भी अपने निर्धारित क्षेत्र में लगातार सतर्क रहते हुए प्रभावी पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए। किसी इवेंट में अनावश्यक देरी होने पर उसका कारण दर्ज करना होगा और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की कि डायल-112 पर केवल वास्तविक और आपात स्थिति में ही कॉल करें। फर्जी या अनावश्यक कॉल से पुलिस का समय और संसाधन प्रभावित होते हैं, जिससे जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचने में देरी हो सकती है।

जांजगीर-चांपा पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि तेज रिस्पांस, बेहतर सेवा और जनता के प्रति जवाबदेही ही डायल-112 की असली पहचान होगी।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें