नौकरी के नाम पर ठगी: दुर्ग में दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, 20 ल... - CG Sandesh

नौकरी के नाम पर ठगी: दुर्ग में दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, 20 लाख से ज्यादा की धोखाधड़ी

दुर्ग : सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर बेरोजगारों और उनके परिवारों से लाखों रुपये ऐंठने वाले दो अलग-अलग आरोपियों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सुपेला और पुलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस विभाग और नगर सेना (होमगार्ड) में भर्ती कराने के नाम पर दोनों आरोपियों ने 20 लाख रुपये से अधिक की ठगी की थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पहला मामला स्मृति नगर चौकी, थाना सुपेला का है। पुलिस के मुताबिक आरोपी तोपचंद धनकर ने एक महिला के पति को चालक और उसके भाई को पुलिस आरक्षक बनवाने का झांसा देकर 14 लाख रुपये से अधिक की रकम ऐंठ ली थी। आरोपी के खिलाफ पहले से स्थाई वारंट लंबित था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रायपुर के उरला से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से मोबाइल फोन और दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

वहीं दूसरा मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है। यहां आरोपी इसरार खान ने नगर सेना के बड़े अधिकारियों से पहचान होने का दावा करते हुए एक महिला के पति को नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके एवज में उसने 15 अलग-अलग किस्तों में 6 लाख 30 हजार रुपये लिए। नौकरी नहीं लगने पर जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज की।

शिकायत मिलने के बाद पुलगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। ASP मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि दोनों मामलों में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी की गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर किसी के झांसे में आकर पैसे का लेन-देन न करें।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें