सरायपाली : भटगांव में 100 से अधिक बच्चों ने सीखे आत्मरक्षा क... - CG Sandesh

सरायपाली : भटगांव में 100 से अधिक बच्चों ने सीखे आत्मरक्षा के पैंतरे

सरायपाली - बच्चों में अदम्य साहस, अनुशासन और आत्मरक्षा का जज्बा भरने के उद्देश्य से यूनाइटेड कराटे एंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ (ब्लॉक यूनिट भटगांव) द्वारा 22 अगस्त 2026 को एक दिवसीय कराते प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के 100 से अधिक बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और मैट पर उतरकर अपनी फुर्ती व तकनीकी हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। 

कार्यक्रम में संगठन के शीर्ष नेतृत्व और आमंत्रित अतिथियों की उपस्थिति ने नन्हे प्रतिभागियों में नया जोश भर दिया। मंच पर मुख्य रूप से भोजराज साहू प्रांतीय अध्यक्ष, शिवा सारथी जिला अध्यक्ष सारंगढ़-बिलाईगढ़, त्रिलोचन पटेल संभागीय संगठन प्रभारी, सुंदरलाल डडसेना संगठन संरक्षक,कराते प्रशिक्षक टाइगर कुर्रे आमंत्रित विशिष्ट अतिथि एवं कराते प्रशिक्षक कमलेश्वर निराला अध्यक्ष ब्लॉक यूनिट बिलाईगढ़ , शिविर में विशिष्ठ अतिथि के रूप में पहुंचे।कराते प्रशिक्षक टाइगर कुर्रे ने बच्चों को संबोधित करते हुए कराते के तकनीकी पहलुओं, मानसिक संतुलन और आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण बिंदुओं को विस्तार से समझाया। 

उन्होंने बताया कि कराते केवल वार करने की कला नहीं है, बल्कि यह आत्म-नियंत्रण, सजगता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता का विकास करता है। प्रशिक्षण के दौरान मुख्य कराते प्रशिक्षक देवनारायण बरिहा और लता साहू ने कड़े अनुशासन के बीच बच्चों को बेसिक स्टांस, किक, पंच, और आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के खास दांव-पेंच सिखाए। इस दौरान हेमलता साहू और साधना साहू ने भी मैदान पर उतरकर बच्चों की तकनीकों को बारीकी से तराशने में सक्रिय भूमिका निभाई। 

ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश्वर निराला के कुशल नेतृत्व और तोशराम पटेल के विशेष सहयोग से आयोजित यह शिविर अत्यंत व्यवस्थित रहा। कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने में अन्य जिलों से विशेष रूप से पधारे कोच, स्थानीय गणमान्य नागरिकों और उपस्थित सभी खेल प्रेमियों का अमूल्य सहयोग रहा। शिविर के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और पालकों का आभार व्यक्त किया। उक्ताशय की जानकारी प्रांतीय सचिव अक्षय कंवर ने दी।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें