बाइक समेत नदी में बहे दो युवक, स्थानीय लोगों ने बचाई जान - CG Sandesh

बाइक समेत नदी में बहे दो युवक, स्थानीय लोगों ने बचाई जान

बाढ़ के बीच एनिकट पार करने की कोशिश पड़ी भारी

मल्हार में लीलागर नदी के उफान के बीच एनिकट पार करने की कोशिश कर रहे दो युवक बाइक समेत तेज बहाव में बह गए। घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। नदी का पानी एनिकट से करीब दो फीट ऊपर और तेज बहाव के साथ बह रहा था। इसके बावजूद दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर एनिकट पार करने निकल पड़े।

चेतावनी के बावजूद नहीं माने युवक

मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को नदी पार न करने की चेतावनी दी, लेकिन वे नहीं माने। बाइक जैसे ही तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंची, दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे बाइक समेत नदी में बहने लगे। इसके बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

शराब के नशे में होने की चर्चा, पुष्टि नहीं

बताया जा रहा है कि दोनों युवक मल्हार क्षेत्र के आसपास के रहने वाले हैं और जांजगीर-चांपा की ओर जाने के लिए एनिकट पार कर रहे थे। घटना के समय उनके शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलते ही मल्हार पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को उफनती नदी व एनिकट पार न करने की समझाइश दी।

बारिश में एनिकट पार करना खतरनाक

इस घटना में स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों युवकों की जान बच गई, लेकिन उफनती नदी और तेज बहाव के बीच एनिकट पार करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। बारिश के दौरान लीलागर नदी का जलस्तर बढ़ने पर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें