पुलिस की कार्यशैली पर सवाल, मृत समझकर कमरे में लगाया ताला, ज... - CG Sandesh

पुलिस की कार्यशैली पर सवाल, मृत समझकर कमरे में लगाया ताला, जिंदा मिली महिला

बेमेतरा में महिला के साथ कथित लापरवाही का मामला, परिजनों ने किया विरोध

बेमेतरा शहर के वार्ड नंबर 7 स्थित परशुराम चौक में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान बच गई। आरोप है कि मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने महिला को मृत समझकर कमरे में ताला लगा दिया और पंचनामा के लिए बाद में लौटने की बात कहकर चली गई।

दो घंटे बाद खुला कमरा, जिंदा मिली महिला

जानकारी के मुताबिक महिला करीब 10 वर्षों से तीन बच्चों के साथ किराए के मकान में रह रही थी। घटना के समय बच्चे स्कूल गए हुए थे। बच्चों के घर लौटने पर महिला की हालत की जानकारी मकान मालिक को दी गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। आरोप है कि पुलिस के वापस लौटने और कमरे का ताला खुलने पर महिला जिंदा मिली। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां आईसीयू में उसका इलाज जारी है।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी

महिला के जिंदा मिलने की जानकारी सामने आने के बाद परिजन और स्थानीय लोग पुलिस की कथित लापरवाही से नाराज हो गए। लोगों का आरोप है कि समय रहते महिला की स्थिति की जांच कर उसे अस्पताल पहुंचाया जाता तो बेहतर होता। आक्रोशित लोगों ने कुछ देर परशुराम चौक पर प्रदर्शन करते हुए रास्ता जाम किया और पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक स्पष्टीकरण या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें