बिजली के बढ़ते दाम और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का ... - CG Sandesh

बिजली के बढ़ते दाम और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का धरना, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी

बेमेतरा : बिजली के बढ़ते दाम और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस ने ग्राम पंचायत मटका में ब्लॉक स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश और जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि बिजली आम जनता की मूलभूत जरूरत है। बिजली की बढ़ी हुई दरों का सीधा असर गरीब, किसान, मजदूर, मध्यमवर्गीय परिवार और छोटे व्यवसायियों पर पड़ रहा है। उन्होंने स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों का हवाला देते हुए सरकार से तत्काल समाधान की मांग की।

कांग्रेस ने बिजली के बढ़े हुए दाम वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना दोबारा लागू करने और स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने की मांग की। आशीष छाबड़ा ने कहा कि आम जनता को राहत मिलने तक कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज उठाती रहेगी।

वहीं, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मिथलेश वर्मा ने कहा कि बिजली की बढ़ती कीमतों और स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में असंतोष है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर गांव-गांव तक आंदोलन करेगी। जिला पंचायत सदस्य शशि प्रभा गायकवाड ने भी बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने बिजली दरों और स्मार्ट मीटर से जुड़ी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें