स्कूलों में शिक्षक नहीं, डीईओ कार्यालय में संलग्नता! अभाविप ... - CG Sandesh

स्कूलों में शिक्षक नहीं, डीईओ कार्यालय में संलग्नता! अभाविप का प्रदर्शन

खैरागढ़ : जिले के शासकीय स्कूलों में शिक्षकों और विषय विशेषज्ञों की कमी सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्रदर्शन किया। नगर मंत्री रितिक कंडरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर चौक से रैली निकाली और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। पुलिस ने कार्यालय के मुख्य द्वार पर ही प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके बाद कार्यकर्ता गेट के बाहर बैठकर नारेबाजी करने लगे।

अभाविप ने स्कूलों में शिक्षकों और विषय विशेषज्ञों की कमी दूर करने, डीईओ कार्यालय में संलग्न शिक्षकों को वापस स्कूलों में भेजने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा स्कूलों में भवन, अतिरिक्त कक्ष, पेयजल, शौचालय, बिजली, फर्नीचर और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

छात्र संगठन ने छात्र समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने और शिक्षकों को अनावश्यक कार्यालयीन कार्यों से मुक्त करने की मांग की। वहीं गातापारजंगल स्कूल में अंग्रेजी शिक्षक की कमी को देखते हुए डीईओ के विकल्प में आए अंग्रेजी व्याख्याता को वहीं पदस्थ करने की मांग भी की गई।

काफी देर चले प्रदर्शन के बाद प्रभारी सहायक संचालक मनोहर चंदेल प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और ज्ञापन लिया। अभाविप ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो चक्काजाम किया जाएगा।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें