विभाजन की पीड़ा को किया याद - CG Sandesh

विभाजन की पीड़ा को किया याद

रायगढ़ : भारत विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस के अवसर पर रायगढ़ के सिंदूर पार्क में कार्यक्रम आयोजित कर विभाजन की त्रासदी को याद किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की धुन बजाने से हुई। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम में विभाजन का दंश झेलने वाले सिंधी परिवार के सदस्य कमल अंबुआनी ने उस दौर की पीड़ा और विस्थापन की व्यथा साझा की। वहीं सिख समाज के गुरुपाल भल्ला ने अपने बुजुर्गों से सुनी विभाजन की गाथा सुनाई।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि विभाजन बेहद कठिन परिस्थितियों में हुआ और लोगों ने अपनी सभ्यता, संस्कृति और देश की रक्षा के लिए भारी बलिदान दिया। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि विभाजन केवल भू-भाग का बंटवारा नहीं था, बल्कि इससे समाज और संस्कृति को भी गहरी पीड़ा हुई।

उन्होंने कहा कि विभाजन की पीड़ा को याद करने का उद्देश्य किसी के प्रति वैमनस्य पैदा करना नहीं, बल्कि इतिहास से सीख लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना है।

कार्यक्रम में विभाजन से जुड़ी छायाचित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। उपस्थित लोगों ने काली पट्टी बांधकर विभाजन की विभीषिका के प्रति विरोध जताया। इसके बाद वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की अगुवाई में कैंडल मार्च निकाला गया और दिवंगत लोगों की स्मृति में दीप जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें