पुलिस भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, रिक्त पदों पर भ... - CG Sandesh

पुलिस भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, रिक्त पदों पर भर्ती की मांग

रायपुर : छत्तीसगढ़ में 2023-24 में हुई पुलिस भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश एक बार फिर सड़क पर नजर आया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से राजधानी रायपुर पहुंचे अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में सामने आई कथित विसंगतियों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती का रिजल्ट जारी होने के बाद एक ही उम्मीदवार का नाम एक से अधिक जिलों की चयन सूची में सामने आया है। इसके चलते कई जिलों में पुलिस के पद रिक्त रह गए हैं। अभ्यर्थियों की मांग है कि खाली रह गए पदों पर अन्य पात्र अभ्यर्थियों को भर्ती का अवसर दिया जाए।

राजीव गांधी चौक से मोतीबाग तक निकाला पैदल मार्च

अपनी मांगों को लेकर अभ्यर्थियों ने राजीव गांधी चौक से मोतीबाग तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने गृहमंत्री विजय शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए भर्ती प्रक्रिया में सुधार और रिक्त पदों को भरने की मांग की।

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले करीब 9 महीनों से अपने हक और अधिकार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है।

रिक्त पदों पर भर्ती की मांग

अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि भर्ती प्रक्रिया में सामने आई विसंगतियों की जांच कराई जाए और जिन पदों पर चयन नहीं हो पाया है, उन पर पात्र अभ्यर्थियों को मौका दिया जाए।

पुलिस भर्ती को लेकर युवाओं के लगातार विरोध के बीच अब सरकार की ओर से क्या कदम उठाया जाता है, इस पर अभ्यर्थियों की नजर बनी हुई है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें