आरंग नगर पालिका की विशेष बैठक में अवैध प्लाटिंग और भवन अनुज्... - CG Sandesh

आरंग नगर पालिका की विशेष बैठक में अवैध प्लाटिंग और भवन अनुज्ञा का मुद्दा गरमाया

आरंग : नगर पालिका परिषद आरंग की विशेष बैठक में अवैध प्लाटिंग, भवन अनुज्ञा और भूमि नामांतरण में कथित भेदभाव का मुद्दा गरमा गया। विपक्षी पार्षदों ने अधिकारियों से सवाल करते हुए संबंधित मामलों की पूरी जानकारी परिषद के सामने रखने की मांग की।

बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के साथ तालाब लीज, नामकरण और भूमि-भवन नामांतरण जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इसी दौरान नेता प्रतिपक्ष शरद जीतू गुप्ता सहित कांग्रेस पार्षदों ने कुछ कथित अवैध कॉलोनियों में भूमि नामांतरण और भवन अनुज्ञा जारी करने में भेदभाव का आरोप लगाया। भवन अनुज्ञा की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए गए। पार्षदों का कहना था कि नगर पालिका में भवन अनुज्ञा के लिए दो खिड़कियां हैं, लेकिन आम लोगों को यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें किस खिड़की पर जाना है।

वहीं वार्ड क्रमांक-6 की पार्षद खुशबू राकेश शर्मा ने पुराने बस स्टैंड में प्रस्तावित निर्माण का मुद्दा उठाते हुए अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने निर्माण को यथास्थान कराने और इस विषय को बैठक के एजेंडे में शामिल करने की मांग की।

बैठक में वार्डों की मूलभूत समस्याएं भी उठीं। पार्षदों ने प्रकाश व्यवस्था, पेयजल पाइपलाइन, साफ-सफाई, लंबित विकास कार्य और आवारा मवेशियों की समस्या के समाधान की मांग की।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी राम संजीवन सोनवानी ने सभी कार्य नियमानुसार किए जाने का आश्वासन दिया। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने कहा कि विशेष बैठक मुख्य रूप से स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के लिए बुलाई गई थी। उन्होंने विपक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दों को नगरहित से जुड़े विषय बताते हुए समस्याओं के समाधान में सभी के सहयोग की बात कही।

बैठक में नवमनोनीत एल्डरमैन भी पहली बार शामिल हुए। अब परिषद में उठाए गए इन मुद्दों पर नगर पालिका प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें