स्कूल भवन की मांग को लेकर ग्रामीणों का हल्लाबोल, तालाबंदी कर... - CG Sandesh

स्कूल भवन की मांग को लेकर ग्रामीणों का हल्लाबोल, तालाबंदी कर धरने पर बैठे ग्रामीण

गरियाबंद : छुरा विकासखंड के ग्राम रुवाड़ में हायर सेकेंडरी स्कूल भवन की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। वर्षों से लंबित मांग पूरी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने स्कूल में तालाबंदी कर भवन के सामने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल भवन निर्माण की मांग को लेकर वे लंबे समय से शासन-प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। जर्जर और अपर्याप्त भवन के कारण छात्र-छात्राओं को पढ़ाई में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों को समझाने के लिए बीईओ, तहसीलदार और छुरा एसडीएम मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से स्कूल की तालाबंदी समाप्त कर आंदोलन खत्म करने की अपील की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों ने मांग की कि स्कूल भवन निर्माण को लेकर प्रशासन लिखित में समय-सीमा बताए।

बाद में एसडीएम ने स्कूल का ताला खुलवाते हुए कहा कि सरकारी संपत्ति में इस तरह तालाबंदी करना उचित नहीं है। इसके बाद ग्रामीणों ने अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजने की बात कही। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक स्कूल भवन को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक बच्चे स्कूल नहीं जाएंगे।

अब देखना होगा कि वर्षों से लंबित स्कूल भवन की मांग पर प्रशासन कब तक ठोस निर्णय लेता है और रुवाड़ के विद्यार्थियों को नए भवन की सुविधा कब मिल पाती है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें