सावन में शिव दरबार पहुंचे भूपेश बघेल, नगरी में भाजपा सरकार प... - CG Sandesh

सावन में शिव दरबार पहुंचे भूपेश बघेल, नगरी में भाजपा सरकार पर बरसे

नगरी : सावन के दूसरे सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नगरी-सिहावा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले कोटाभर्री स्थित प्रसिद्ध भीमा कोटेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और जलाभिषेक किया। इसके बाद नगरी में निषाद समाज भवन समेत विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।

इस दौरान भूपेश बघेल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर बिजली, शिक्षा, रोजगार, सड़क, पानी और आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने बिजली व्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा कि बिजली आने की गारंटी नहीं है, लेकिन बिजली जाने की गारंटी जरूर है। उनका आरोप है कि हल्की हवा चलने पर भी बिजली बंद हो जाती है और भारी-भरकम बिल के बावजूद आम जनता परेशान है।

बघेल ने नगरी क्षेत्र में सड़कों की बदहाली और पेयजल व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पानी की टंकी तो बना दी गई, लेकिन उसमें पानी नहीं चढ़ पा रहा है। नल से पानी की जगह हवा निकल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए पर्याप्त पैसा नहीं है।

विश्व आदिवासी दिवस को लेकर भी बघेल ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के सम्मान और अधिकारों को लेकर कांग्रेस सरकार के समय कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए थे। वहीं, शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने युवाओं के सामने रोजगार के संकट का आरोप लगाते हुए सरकार से सवाल किए।

कार्यक्रम में सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, धमतरी विधायक ओंकार साहू, बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव, कसडोल विधायक संदीप साहू, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी, बालोद विधायक संगीता सिन्हा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

सावन के पावन सोमवार को भगवान भीमा कोटेश्वर महादेव के जलाभिषेक से शुरू हुआ भूपेश बघेल का नगरी दौरा विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन के बाद सियासी बयानबाजी में बदल गया।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें