आवेदन के बाद भी नहीं सुधरी सड़क, गड्ढों में धान रोपकर युवा क... - CG Sandesh

आवेदन के बाद भी नहीं सुधरी सड़क, गड्ढों में धान रोपकर युवा कांग्रेस ने जताया विरोध

खैरागढ़ : ग्राम उदयपुर में लंबे समय से जर्जर सड़क की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। सड़क की समस्या को लेकर पीडब्ल्यूडी और पीएमजीएसवाई विभाग को लिखित आवेदन देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर युवा कांग्रेस ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुलशन तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जर्जर सड़क पर बने गड्ढों में धान की रोपाई कर प्रशासन का ध्यान सड़क की बदहाल स्थिति की ओर आकर्षित किया। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुलशन तिवारी ने कहा कि सड़क की समस्या को लेकर संबंधित विभागों को कई बार अवगत कराया गया और लिखित आवेदन भी सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए सड़क के गड्ढों में धान रोपकर प्रशासन के प्रति विरोध दर्ज कराया गया है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया तो युवा कांग्रेस की ओर से चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष कन्हैया कुर्रे सहित हेमराय जंघेल, माधो पटेल, रोशन धुर्वे, बलराम साहू, लोमश बघेल, परसोत्तम जंघेल, राजेंद्र निषाद, सुमिरन वर्मा, मोहित पटेल, भागीरथी साहू, तामेश्वर जंघेल, नंदकुमार जंघेल, अजय जंघेल, मन्नू लोधी और दीना जंघेल समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें