महासमुंद : सांसद की अध्यक्षता में सिरपुर विकास योजना प्रारूप... - CG Sandesh

महासमुंद : सांसद की अध्यक्षता में सिरपुर विकास योजना प्रारूप 2041 के संबंध में प्रारंभिक बैठकआयोजित

प्राचीन, ऐतिहासिक और पुरातत्विक नगरी सिरपुर और आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण की बैठक सांसद  रूपकुमारी चैधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई। 

बैठक में विधायक  योगेश्वर राजू सिन्हा, साडा सीईओ धम्मशील गणवीर, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, नगर निवेश के विनीत नायर, नगर पंचायत अध्यक्ष तुमगांव बलराम कांत साहू, जनपद अध्यक्ष महासमुंद दिशा दीवान, उप पुलिस अधीक्षक सहित आस-पास क्षेत्र के ग्राम पंचायतों के सरपंच शामिल हुए।

सिरपुर विकास योजना प्रारूप 2041 के लिए छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम 1973 के प्रावधानों के तहत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2041 तक के लिए प्रारूप विकास की योजना की तैयारी पर मंथन किया गया।

बैठक में नगर तथा ग्राम निवेश कार्यालय रायपुर से आए अधिकारियों ने बताया कि सिरपुर में 2025 को आधार मानकर विकास की संभावनाओं को देखते हुए वर्ष 2041 तक विकास की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। बैठक में बताया गया कि सिरपुर सहित 34 ग्राम और आरक्षित वन शामिल है। जिसकी कुल जनसंख्या 25927 तथा कुल निवेश क्षेत्रफल 22,2863 हेक्टेयर है। इसमें 12,111.7 हेक्टेयर ग्रामीण और 10,174.6 हेक्टेयर आरक्षित वन क्षेत्र है।

बताया गया कि निवेश क्षेत्र को समावेशी आर्थिक विकास आधुनिक अधोसंरचना द्वारा संचालित तथा कृषि संसाधन सांस्कृतिक विरासत एवं प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध एक जीवंत एवं सतत क्षेत्रीय केन्द्र के रूप में रूपांतरित किया जाएगा। जो समस्त निवासियों हेतु उच्च गुणवत्तापूर्ण जीवन एवं पर्यावरणीय लचीलापन को सुनिश्चित करेगा। प्रारूप में स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन एवं निवासियों के कौशल विकास के माध्यम से आर्थिक विकास और विविधीकरण, सामाजिक समानता, समावेशिता, पर्यावरण सुरक्षा और स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देना है।

बैठक में सांसद रूपकुमारी चैधरी ने कहा कि समावेशी तथा दीर्घकालिक हो और जनमानस के अनुरूप हो। उन्होंने कहा कि बैठक के पश्चात निवेश क्षेत्र में सम्मिलित ग्राम पंचायतों को पृथक से मास्टर प्लान दिया जाए। ताकि अध्ययन पश्चात सुझावों को सम्मिलित किया जा सके।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने विकास क्षेत्र की सड़कों के चैड़ीकरण की बात कही। उन्होंने कहा कि आगामी समय में इन मार्गों पर पर्यटकों का आवागमन तेज होगा। इसलिए सड़के लगभग 100 फीट तक चैड़ी हो। जिससे यातायात सुगम और सरल हो सके।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने उपस्थित सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किए और ग्रामीण क्षेत्र के अनुरूप अपने अनुभव साझा करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि सिरपुर विकास योजना वर्ष 2041 वर्तमान स्वरूप को बनाए रखते हुए निवासियों के जीवन स्तर में सुधार एवं पारंपरिक एवं नई नियोजन तकनीकों को सम्मिलित करने के लिए विकसित किया गया है। 

प्रत्येक बसाहट की अनुमानित जनसंख्या के आधार पर महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रस्तावित की गई है। प्राप्त सुझावों के पश्चात इसे संचालनालय नगर तथा ग्राम निवेश इंद्रावती भवन प्रेषित किया जाएगा। साडा के अंतर्गत आने वाले गांवों के सरपंचों ने इस प्रारंभिक बैठक में अपनी राय रखी। बैठक में जलकी, चुहरी, सेनकपाट, पासीद, अमलोर, सुकुलबाय, खैरझिटी आदि गांव के सरपंच शामिल हुए।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें