बारिश में गड्ढों का गढ़ बना खैरागढ़, सड़क के गड्ढे भरकर याता... - CG Sandesh

बारिश में गड्ढों का गढ़ बना खैरागढ़, सड़क के गड्ढे भरकर यातायात जवान ने पेश की मिसाल

खैरागढ़ : लगातार हो रही बारिश के बीच खैरागढ़ शहर की सड़कें बदहाल हो गई हैं। विशेषकर इतवारी बाजार मार्ग पर बने बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसों का कारण बन रहे हैं। बारिश का पानी भर जाने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर घायल हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से सड़क की स्थिति खराब बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।

इसी बीच यातायात ड्यूटी में तैनात जवान शाहिल राजपूत ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए स्वयं मुरूम और मिट्टी डालकर सड़क के जानलेवा गड्ढों को भरना शुरू किया। उनके इस प्रयास से राहगीरों को राहत मिली और दुर्घटनाओं की आशंका कम हुई। स्थानीय नागरिकों ने जवान की पहल की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया।

हालांकि, इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क मरम्मत की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की है, लेकिन जब जिम्मेदार एजेंसियां निष्क्रिय हैं, तब एक यातायात जवान को यह जिम्मेदारी निभानी पड़ रही है। नागरिकों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें