सक्ती : दमाऊधारा झरने में बहा दुर्ग का युवक, घंटों चले रेस्क... - CG Sandesh

सक्ती : दमाऊधारा झरने में बहा दुर्ग का युवक, घंटों चले रेस्क्यू के बाद भी नहीं मिला सुराग

सक्ती : जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दमाऊधारा में दोस्तों के साथ घूमने आए दुर्ग निवासी एक 20 वर्षीय युवक के झरने के तेज बहाव में बह जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस, DDRF और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा होने के कारण सर्च अभियान रोक दिया गया, जिसे बुधवार सुबह दोबारा शुरू किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, नगरदा थाना क्षेत्र स्थित दमाऊधारा में मंगलवार को दुर्ग-भिलाई निवासी प्रतीक कंवर (20) अपने पांच दोस्तों उदय साहू, चेलक लहरे, तेजस साहू, साहिल राव और योगेश वर्मा के साथ घूमने आया था। सभी दोस्त सोमवार को रैनखोल पर्यटन स्थल गए थे और मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दमाऊधारा पहुंचे।

बताया जा रहा है कि चार युवक झरने के ऊपरी हिस्से में नहा रहे थे, जबकि दो साथी नीचे मौजूद थे। इसी दौरान प्रतीक कंवर का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहते हुए गहरे पानी में समा गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तत्काल नगरदा पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही नगरदा पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, जांजगीर-चांपा से DDRF और SDRF की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों तक युवक की तलाश में रेस्क्यू अभियान चलाया। हालांकि देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि अंधेरा होने के कारण फिलहाल सर्च ऑपरेशन स्थगित कर दिया गया है। बुधवार सुबह संयुक्त टीम एक बार फिर रेस्क्यू अभियान शुरू करेगी।

बारिश के मौसम में झरनों और नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से पर्यटन स्थलों पर सावधानी बरतने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में उतरने से बचने की अपील की है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें