सरगुजा : कैबिनेट मंत्री के क्षेत्र में बदहाल सड़क के खिलाफ ग... - CG Sandesh

सरगुजा : कैबिनेट मंत्री के क्षेत्र में बदहाल सड़क के खिलाफ ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन, सड़क पर रोपा धान

सरगुजा : जिले के लखनपुर विकासखंड में वर्षों से जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। ग्राम पंचायत पुहपुटरा के आश्रित ग्राम चिलबिल के पंडोपारा में ग्रामीणों ने खस्ताहाल सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पुहपुटरा से पंडोपारा होते हुए सिंगीटाना जाने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल है। बरसात के मौसम में सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है। लगातार शिकायतों और मांगों के बावजूद सड़क निर्माण नहीं होने पर ग्रामीणों ने सड़क को ही खेत बनाकर उसमें धान की रोपाई कर विरोध दर्ज कराया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह क्षेत्र प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल का विधानसभा क्षेत्र है, लेकिन इसके बावजूद सड़क निर्माण की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। उनका कहना है कि चुनाव के समय नेता और जनप्रतिनिधि गांव पहुंचकर बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद गांव और सड़क की सुध लेने कोई नहीं आता।

ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण रोजाना स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कीचड़ में फिसलकर गिरने की घटनाएं आम हो गई हैं। गांव के लोगों ने बताया कि पिछले करीब दस वर्षों में कई जनप्रतिनिधि बदले, लेकिन सड़क की हालत नहीं बदली।

इस मार्ग के आसपास विशेष पिछड़ी जनजाति पंडो समुदाय के करीब 10 परिवार निवास करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण वे मुख्यधारा से जुड़ने में भी कठिनाई महसूस करते हैं। बरसात के दौरान यदि कोई बीमार हो जाए या गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाना पड़े, तो लोगों को एक से दो किलोमीटर तक खाट पर उठाकर ले जाना पड़ता है, क्योंकि सड़क की हालत ऐसी है कि एंबुलेंस तक गांव नहीं पहुंच पाती।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार सरपंच और सचिव को भी अवगत कराया गया, लेकिन हर बार केवल औपचारिक मरम्मत कर दी जाती है और कुछ ही दिनों में सड़क फिर से खराब हो जाती है।

अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनके इस अनोखे विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधि उनकी समस्या पर गंभीरता से ध्यान देंगे और वर्षों पुरानी सड़क की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें