रायगढ़ में अतिक्रमण पर निगम की बड़ी कार्रवाई, 14 दुकानदारों ... - CG Sandesh

रायगढ़ में अतिक्रमण पर निगम की बड़ी कार्रवाई, 14 दुकानदारों पर 22,200 रुपये का जुर्माना

रायगढ़ : शहर को अतिक्रमण मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम ने बुधवार को श्याम टॉकीज, सुभाष चौक, गांधी पुतला रोड और संजय मार्केट क्षेत्र में सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।

नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय और यातायात डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह की मौजूदगी में निगम की टीम ने 14 दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सड़क और फुटपाथ पर रखा प्लास्टिक सामान, साउंड बॉक्स, टेबल, साइकिल, कैरेट सहित अन्य सामग्री जब्त कर ली। साथ ही संबंधित दुकानदारों पर कुल 22,200 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा से बाहर सड़क और फुटपाथ पर रख दिया था, जिससे पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। निगम की टीम ने मौके पर ही अतिक्रमण हटाकर सार्वजनिक मार्ग को खाली कराया।

नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि सड़क, फुटपाथ और चौक-चौराहों पर अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे अपना सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें तथा सार्वजनिक मार्ग और नालियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान लगातार जारी रहेगा और समझाइश के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें