राजनांदगांव: प्रार्थना सभा के दौरान मधुमक्खियों का हमला, 32 ... - CG Sandesh

राजनांदगांव: प्रार्थना सभा के दौरान मधुमक्खियों का हमला, 32 छात्र-छात्राएं घायल

राजनांदगांव : जिले के डोंगरगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम बीजेभांठा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में मंगलवार सुबह प्रार्थना सभा के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक छात्र-छात्राओं पर हमला कर दिया। इस घटना में करीब 32 विद्यार्थी घायल हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

प्रार्थना सभा के दौरान मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन की तरह सुबह स्कूल में प्रार्थना सभा चल रही थी। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने विद्यार्थियों पर हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए छात्र-छात्राएं क्लासरूम की ओर भागने लगे, जिससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस को बुलाया गया और घायल विद्यार्थियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर प्राथमिक उपचार कराया गया।

सभी विद्यार्थी सुरक्षित, हालत सामान्य

जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. नेतराम नवरत्न ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले में घायल सभी विद्यार्थियों की स्थिति सामान्य है और उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया है।

पेड़ पर बने छत्ते से भड़की मधुमक्खियां

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्कूल परिसर के समीप एक पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता बना हुआ है। आशंका है कि किसी पक्षी द्वारा छत्ते को चोंच मारने से मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और उन्होंने प्रार्थना सभा में मौजूद विद्यार्थियों पर हमला कर दिया। फिलहाल सभी घायल छात्र-छात्राओं का उपचार जारी है और घटना के बाद स्कूल परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें