दुर्ग में अतिथि शिक्षकों का जंगी प्रदर्शन, रायपुर कूच से पहल... - CG Sandesh

दुर्ग में अतिथि शिक्षकों का जंगी प्रदर्शन, रायपुर कूच से पहले जेल चौक तक मार्च

दुर्ग : नियमितीकरण और समान काम के लिए समान वेतन की मांग को लेकर राज्य अतिथि शिक्षक (विद्या मितान) का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। पिछले 13 दिनों से दुर्ग के हिंदी भवन के सामने धरने पर बैठे अतिथि शिक्षकों ने सोमवार को रायपुर कूच की तैयारी करते हुए जेल चौक तक मार्च निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक अपनी मांगों के समर्थन में सड़क पर उतरे।

आंदोलन में महिला अतिथि शिक्षकों की भी बड़ी भागीदारी रही। कई महिलाएं अपने छोटे-छोटे बच्चों को साथ लेकर प्रदर्शन में शामिल हुईं। प्रदर्शनकारी बोरिया-बिस्तर के साथ रायपुर जाने की तैयारी में नजर आए, जिससे स्पष्ट हुआ कि वे अपनी मांगों को लेकर लंबी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।

जेल चौक पर पुलिस ने रोका

संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने जेल चौक के पास व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए दो स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। बैरिकेड के सामने अतिथि शिक्षक सड़क पर बैठ गए और भजन-कीर्तन एवं जस गीत गाकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया।

नियमितीकरण और समान वेतन की मांग

प्रदर्शनकारी अतिथि शिक्षकों ने नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन और लंबे समय से लंबित अन्य मांगों को जल्द पूरा करने की मांग दोहराई। उनका कहना है कि वे वर्षों से शिक्षा व्यवस्था में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें स्थायी नियुक्ति और उचित वेतन का लाभ नहीं मिला है।

अतिथि शिक्षकों ने चेतावनी दी कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर इसे और तेज किया जाएगा।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें