विश्व जनसंख्या दिवस: भिलाई-3 में जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा ... - CG Sandesh

विश्व जनसंख्या दिवस: भिलाई-3 में जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के तहत जागरूकता कार्यक्रम, छात्र-छात्राओं ने दिया 'छोटा परिवार, सुखी परिवार' का संदेश

भिलाई : विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर भिलाई-3 स्थित कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 द्वारा जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को जनसंख्या नियंत्रण, परिवार नियोजन और छोटे परिवार के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

11 जुलाई से 18 जुलाई तक चलने वाले जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती निशा जैन, वार्ड पार्षद फिरोज फारूखी, श्रीमती प्रेमलता चंद्राकर, चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रितिका साहू, गीता वर्मा तथा बीईटीओ सैय्यद असलम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत जनसंख्या नियंत्रण और परिवार नियोजन विषय पर संगोष्ठी से हुई। इसके बाद कक्षा 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों ने निबंध लेखन, वाद-विवाद, संगोष्ठी और पोस्टर प्रतियोगिता में भाग लेकर बढ़ती जनसंख्या से उत्पन्न चुनौतियों और उनके समाधान पर अपने विचार प्रस्तुत किए। पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी साधनों की भी जानकारी दी गई।

बीईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि 11 से 18 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के दौरान पुरुष एवं महिला नसबंदी की निशुल्क सुविधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन, झीट, जिला अस्पताल दुर्ग, लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध रहेगी।

मुख्य अतिथि सतीश साहू ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या के कारण रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से "छोटा परिवार, सुखी परिवार" का संदेश अपनाकर समाज और देश के बेहतर भविष्य में योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में निबंध, पोस्टर और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग और विद्यालय परिवार ने जनजागरूकता रैली निकालकर आम लोगों को जनसंख्या स्थिरीकरण और परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें