डोंगरगढ़ सड़क हादसे के बाद बवाल: 12 वर्षीय बालक की मौत पर था... - CG Sandesh

डोंगरगढ़ सड़क हादसे के बाद बवाल: 12 वर्षीय बालक की मौत पर थाने के सामने चक्काजाम, बाईपास निर्माण और मुआवजे की मांग

राजनांदगांव : जिले के डोंगरगढ़ में 12 वर्षीय बालक की सड़क हादसे में मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार को मृतक के परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने बालक के शव को डोंगरगढ़ थाना के सामने रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने, बाईपास सड़क का जल्द निर्माण कराने, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और हाइवा चालक व वाहन मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

अंडरब्रिज के पास हुआ था हादसा

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम डोंगरगढ़ शहर के अंडरब्रिज के समीप तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से 12 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद पूरे शहर में आक्रोश फैल गया। लोगों का आरोप है कि शहर में भारी वाहनों की आवाजाही लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बन रही है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

लंबे समय से उठ रही बाईपास की मांग

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि डोंगरगढ़ में बाईपास सड़क के निर्माण और शहर के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध की मांग लंबे समय से की जा रही है। मांग पूरी नहीं होने के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं और लोगों की जान जा रही है।

प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ चक्काजाम

चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों ने भी प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने, हाइवा चालक एवं वाहन मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा बाईपास निर्माण कार्य में तेजी लाने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।

मुख्य मांगें:

  • शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
  • डोंगरगढ़ बाईपास सड़क का शीघ्र निर्माण
  • मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा
  • हाइवा चालक और वाहन मालिक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें