नगर पालिका के दावों पर बारिश पड़ी भारी, सड़क नहीं होने से रा... - CG Sandesh

नगर पालिका के दावों पर बारिश पड़ी भारी, सड़क नहीं होने से रास्ता बना तालाब

बालोद : लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने बालोद नगर पालिका की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-11 स्थित आदर्श नगर कॉलोनी पूरी तरह जलमग्न हो गई है। कॉलोनी की सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं, घरों के सामने घुटनों तक पानी भर गया है और लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है।

सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम के पीछे स्थित आदर्श नगर कॉलोनी में जलभराव की स्थिति से रहवासियों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब आठ से दस वर्ष पहले बसी इस कॉलोनी में आज तक न तो पक्की सड़क बनाई गई और न ही जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण हुआ। जबकि नगर पालिका नियमित रूप से संपत्ति कर सहित अन्य करों की वसूली कर रही है, लेकिन मूलभूत सुविधाएं अब तक उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।

बारिश के चलते कच्ची सड़कें कीचड़ और पानी से लबालब हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, महिलाओं और बुजुर्गों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई घरों के सामने पानी भर जाने से वाहन निकालना भी मुश्किल हो गया है। रात के समय जलभराव के कारण दुर्घटना और सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का खतरा भी बना रहता है।

रहवासियों का आरोप है कि हर साल बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है। सड़क और नाली निर्माण के लिए कई बार नगर पालिका और प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पूरा पानी कॉलोनी में जमा हो जाता है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

पार्षद बोले- कॉलोनी अब तक वैध नहीं

स्थानीय पार्षद के अनुसार आदर्श नगर कॉलोनी सहित क्षेत्र की कई कॉलोनियां अब तक नगर पालिका के रिकॉर्ड में वैध कॉलोनी के रूप में दर्ज नहीं हैं। उनका कहना है कि पहले यह कृषि भूमि थी, जहां आवश्यक अनुमति के बिना प्लॉटिंग कर भूखंड बेचे गए। सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित किए बिना ही कॉलोनी बसा दी गई, जिसका खामियाजा अब यहां रहने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। हालांकि उन्होंने वार्डवासियों को समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया है।

सीएमओ ने जांच का दिया आश्वासन

नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ने मामले की जांच कराए जाने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर प्रस्ताव में शामिल करने की बात कही है। अब रहवासियों को उम्मीद है कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा।

प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी निगाहें

हर बारिश में जलभराव झेल रही आदर्श नगर कॉलोनी के रहवासी अब नगर पालिका से केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क, नाली और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं के निर्माण की मांग कर रहे हैं। ऐसे में देखना होगा कि प्रशासन और नगर पालिका इस समस्या का स्थायी समाधान कब तक सुनिश्चित कर पाते हैं।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें